📰 प्रेस नोट
वोकेशनल ट्रेनर एसोसिएशन, उत्तराखंड
दिनांक: 08 सितम्बर 2026
वोकेशनल ट्रेनरों ने अपनी मांगों को लेकर निकाली रैली, तत्काल री-जॉइनिंग की मांग
देहरादून। वोकेशनल ट्रेनर एसोसिएशन, उत्तराखंड के बैनर तले आज 08 सितम्बर 2026 को व्यावसायिक प्रशिक्षकों द्वारा रैली निकाली गई। रैली में बड़ी संख्या में प्रशिक्षकों ने भाग लेकर शासन-प्रशासन के समक्ष अपनी विभिन्न मांगों को प्रमुखता से रखा।
प्रशिक्षकों ने कहा कि वे पिछले कई वर्षों से राजकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों को रोजगारपरक एवं व्यावसायिक शिक्षा प्रदान कर रहे हैं। इसके बावजूद लगभग 5 माह से सेवा बाधित होने के कारण सैकड़ों प्रशिक्षक आर्थिक एवं मानसिक परेशानियों का सामना कर रहे हैं।
रैली के दौरान प्रशिक्षकों ने तत्काल री-जॉइनिंग, 5 माह के गैप प्रोटेक्शन, रोजगार सुरक्षा, वार्षिक मानदेय वृद्धि तथा लंबित मानदेय के भुगतान की मांग उठाई।
एसोसिएशन ने कहा कि अनुभवी प्रशिक्षकों ने वर्षों तक विद्यालयों में पूरी निष्ठा के साथ सेवाएं दी हैं। इसलिए आगामी व्यवस्था में पूर्व से कार्यरत अनुभवी प्रशिक्षकों को अनुभव एवं योग्यता के आधार पर प्राथमिकता देते हुए तत्काल सेवा से जोड़ा जाए।
एसोसिएशन ने शासन से मांग की कि प्रशिक्षकों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करते हुए 5 माह के सेवा अंतराल को ‘ब्रेक इन सर्विस’ न माना जाए और प्रशिक्षकों के भविष्य एवं रोजगार की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।



